पगडंडियों से राष्ट्रीय मंच तक : डीडी न्यूज से नई पारी शुरू करेंगे सुरेंद्र रावत ‘अंशु’
गोपेश्वर। पत्रकारिता केवल खबरें लिखने या कैमरे के सामने खड़े होने का नाम नहीं है, बल्कि समाज की आवाज़ को जिम्मेदारी के साथ देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम भी है। चमोली के वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र रावत ‘अंशु’ का करीब 18 वर्षों का सफर इसी सोच का परिचायक रहा है। अब यह सफर एक नए मुकाम पर पहुंचा है। सुरेंद्र रावत ने देश के सार्वजनिक प्रसारक डीडी न्यूज के साथ अपनी नई पारी शुरू की है। इससे सीमांत चमोली के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।
दशोली विकासखंड के ठेली-पलेठी गांव से निकलकर राष्ट्रीय मीडिया तक पहुंचे सुरेंद्र रावत ने अपने पूरे पत्रकारिता जीवन में जमीनी रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दी। सीमांत की नीती-मलारी घाटी, माना, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, देवाल, नारायणबगड़ और गैरसैंण जैसे दुर्गम क्षेत्रों से लगातार रिपोर्टिंग करते हुए उन्होंने उन मुद्दों को सामने रखा, जो अक्सर मुख्यधारा की खबरों से दूर रह जाते थे।
वर्ष 2009 में साधना न्यूज से शुरू हुआ उनका पत्रकारिता का सफर समाचार प्लस, ज़ी न्यूज, आर-9, हिंदी खबर, न्यूज स्टेट और एनडीटीवी जैसे राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों तक पहुंचा। वर्तमान में वे गढ़वाल हेरिटेज पाक्षिक समाचार पत्र के संपादक भी हैं। चारधाम यात्रा, प्राकृतिक आपदाओं, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक आंदोलनों और जनहित से जुड़े विषयों पर उनकी रिपोर्टिंग को व्यापक सराहना मिली।
उनकी जनपक्षीय पत्रकारिता को देखते हुए उन्हें उमेश डोभाल सम्मान (2013), यूथ आइकॉन अवार्ड (2014-15) और गौरा देवी पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। पत्रकारिता के साथ-साथ वे सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं।
डीडी न्यूज से जुड़ना उनके व्यक्तिगत करियर की उपलब्धि भर नहीं है, बल्कि सीमांत उत्तराखंड की पत्रकारिता के लिए भी एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। उम्मीद है कि राष्ट्रीय मंच पर उनकी नई जिम्मेदारी के साथ चमोली के गांवों, सीमांत क्षेत्रों, संस्कृति, पर्यटन, विकास और आमजन के मुद्दों को पहले से अधिक व्यापक पहचान मिलेगी।
चमोली के पत्रकारिता जगत और क्षेत्रवासियों ने सुरेंद्र रावत ‘अंशु’ को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वे अपनी निष्पक्ष, संवेदनशील और जनोन्मुखी पत्रकारिता की परंपरा को डीडी न्यूज के मंच पर भी उसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएंगे।
